home page

मप्र में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, 4 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट, 30-31 मार्च को ज्यादा असर

 | 
मप्र में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, 4 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट, 30-31 मार्च को ज्यादा असर


भोपाल, 29 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में आज रविवार से मौसम करवट लेने जा रहा है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन की सक्रियता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 और 31 मार्च को इन दो सिस्टम्स का असर सबसे ज्यादा रहेगा, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गतिविधियां देखने को मिलेंगी। ग्वालियर और चंबल संभाग में इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। शनिवार को प्रदेश के पूर्वी इलाकों में ये दोनों मौसमीय सिस्टम सक्रिय रहे, जो रविवार से आगे बढ़ते हुए अन्य क्षेत्रों को प्रभावित करेंगे। अगले 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 मार्च से मौसम और ज्यादा सक्रिय हो जाएगा। ग्वालियर, भिंड और दतिया जिलों में ओले गिरने की आशंका है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का दौर रहेगा। 31 मार्च को भी ऐसे ही हालात बने रहेंगे। हालांकि 1 अप्रैल से सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन तब भी प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश हो सकती है।

लगातार बदलते मौसम के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। फिलहाल प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना हुआ है, जिसमें नर्मदापुरम सबसे गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है।

शनिवार को भी कई शहरों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। नर्मदापुरम में 1.5 डिग्री की कमी के बाद तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि खंडवा में भी इतना ही तापमान दर्ज हुआ। रतलाम में 38.2 डिग्री, खरगोन में 38 डिग्री, बैतूल में 37.7 डिग्री, नरसिंहपुर और खजुराहो में 37.6 डिग्री, मंडला में 37.5 डिग्री, धार और सिवनी में 37.2 डिग्री तथा श्योपुर और सागर में 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री, भोपाल में 36.2 डिग्री, इंदौर में 36.5 डिग्री, ग्वालियर में 35.3 डिग्री और उज्जैन में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत