home page

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर, नौगांव में पारा 47 डिग्री पहुंचा, चार दिन हीटवेव और वॉर्म नाइट का अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर, नौगांव में पारा 47 डिग्री पहुंचा, चार दिन हीटवेव और वॉर्म नाइट का अलर्ट


भोपाल, 20 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश में दिन के साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। मंगलवार को छतरपुर जिले के नौगांव में इस सीजन का सबसे अधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो 46.4 डिग्री के साथ दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। नौगांव और खजुराहो के अलावा दतिया में 45.8 डिग्री, राजगढ़ में 45.6 डिग्री और दमोह में 45.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शाजापुर, टीकमगढ़, गुना और सागर में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री तथा मुरैना, शहडोल, रायसेन, रीवा और श्योपुर में 45 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा मंडला में 44.6 डिग्री, उमरिया में 44.5 डिग्री, खरगोन में 44.4 डिग्री, रतलाम में 44.2 डिग्री और खंडवा में 44.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर तेज रहा। ग्वालियर में पहली बार तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा। भोपाल में 44.2 डिग्री, इंदौर में 43.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री और जबलपुर में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल में यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। एयरपोर्ट ऑब्जर्वेटरी में तापमान 44.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि अरेरा हिल्स स्थित ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी में पहली बार रात का तापमान भी 30 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, रायसेन और रतलाम में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। राजगढ़, रायसेन, कटनी, उमरिया, डिंडोरी, बालाघाट और छिंदवाड़ा में वॉर्म नाइट यानी रात के समय भी अधिक तापमान रहने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि इस दौरान गर्म हवाओं और तेज धूप का असर सबसे ज्यादा रहेगा। जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत