home page

मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का सितम जारी, कई शहरों में दिन का पारा 42 डिग्री से ऊपर, अब राते भी होंगी गर्म

 | 
मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का सितम जारी, कई शहरों में दिन का पारा 42 डिग्री से ऊपर, अब राते भी होंगी गर्म


भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इस सीजन पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बन रही है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मंगलवार रात भोपाल सहित 9 शहरों में तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है, यानी रात भी गर्म महसूस होगी। वहीं डिंडौरी जिले में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। कई शहरों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने जिन 9 शहरों में मंगलवार रात ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट जारी हुआ है, उनमें भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इससे पहले रविवार और सोमवार की रात भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में भी गर्म रात दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार ‘वॉर्म नाइट’ तब होती है, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो और दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया जाए। यदि रात का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक बढ़ जाए, तो उसे ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। फिलहाल प्रदेश में ऐसी गंभीर स्थिति नहीं बनी है।

बीते सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी रही। छतरपुर के खजुराहो में सबसे ज्यादा 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दतिया में 42.3 डिग्री, रतलाम और सीधी में 42.2 डिग्री, रीवा और श्योपुर में 42 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर और उज्जैन में 39.5 डिग्री, जबकि जबलपुर में 38.5 डिग्री तापमान रहा।

मौसम में बदलाव के चलते कई इलाकों में बादल और हल्की बारिश भी देखने को मिली। रविवार और सोमवार को खरगोन, इंदौर, सीहोर, सागर, अशोकनगर, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, गुना, सतना, मुरैना, हरदा, खंडवा, बड़वानी, उज्जैन और बैतूल में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक हुई। भोपाल में भी सुबह देर से धूप निकली। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले तीन दिनों से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय है, जिसके कारण बादल छाए हुए हैं। वहीं दक्षिणी जिलों में आंधी और बारिश का असर भी दिखा है। आगे के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, हालांकि इसका असर मध्य प्रदेश में सीमित रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत