home page

मध्य प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, अगले 4 दिन तक अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, अगले 4 दिन तक अलर्ट


भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में सक्रिय मजबूत मौसम प्रणाली के चलते कई इलाकों में बारिश का दौर तेज हो गया है। रविवार को पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि आज सोमवार के लिए मौसम विभाग ने छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले चार दिनों तक कई हिस्सों में तेज से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है।

कई मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश से मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही एक लो प्रेशर एरिया और डिप्रेशन भी सक्रिय है। आने वाले दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम और अधिक सक्रिय होगा। इसी कारण 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

औसत से अब भी 15 फीसदी कम बारिश

प्रदेश में अब तक औसतन 334.9 मिमी (13.2 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक 395.2 मिमी (15.5 इंच) वर्षा होनी चाहिए थी। यानी फिलहाल प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 13 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। फिलहाल प्रदेश के 14 जिलों में सामान्य से अधिक, जबकि 41 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी क्षेत्र में निवाड़ी ऐसा एकमात्र जिला है, जहां औसत से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत