home page

मध्य प्रदेश के 50 जिलों में आज बरसेंगे बादल, 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
मध्य प्रदेश के 50 जिलों में आज बरसेंगे बादल, 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी


- 2 जुलाई से नया सिस्टम होगा सक्रिय

भोपाल, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। मंगलवार को प्रदेश के 50 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि जिन 15 जिलों में मानसून पहुंच चुका है, उनमें से बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान करीब 4 इंच तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई से एक नया मौसम तंत्र (सिस्टम) सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित 50 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

सोमवार को कई जिलों में हुई बारिश

सोमवार को इंदौर, गुना, बालाघाट, शिवपुरी, जबलपुर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, सीधी, खंडवा, सीहोर और देवास सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, बालाघाट में डेढ़ इंच से अधिक, शिवपुरी में लगभग पौन इंच और जबलपुर में आधा इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

कुछ जिलों में अब भी गर्मी का असर

बारिश के बावजूद प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी बनी हुई है। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव में 40.5 डिग्री और ग्वालियर में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं भोपाल में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, इंदौर में 33.2 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री और जबलपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान वाले शहरों में खंडवा (31.1 डिग्री), सिवनी (31.4 डिग्री), बैतूल (31.8 डिग्री), खरगोन (32 डिग्री), पचमढ़ी (32.8 डिग्री), धार (33.4 डिग्री), छिंदवाड़ा (33.6 डिग्री) और गुना (33.7 डिग्री सेल्सियस) शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत