home page

मध्य प्रदेश में दो दिन फिर तेज बारिश के आसार, आज 17 जिलों में अलर्ट, 4 इंच तक पानी गिरने की संभावना

 | 
मध्य प्रदेश में दो दिन फिर तेज बारिश के आसार, आज 17 जिलों में अलर्ट, 4 इंच तक पानी गिरने की संभावना


भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्से के 17 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सागर, रीवा और शहडोल संभाग में मानसूनी सिस्टम का असर रहेगा। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से चार इंच तक बारिश होने की संभावना है।

गुरुवार को शिवपुरी, विदिशा, गुना, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, उमरिया, शहडोल, मंडला और अनूपपुर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिंगरौली और मैहर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

प्रदेश में इससे पहले भी कई इलाकों में तेज बारिश का दौर रहा। निवाड़ी, भोपाल, ग्वालियर, छतरपुर और मंदसौर समेत कई जिलों में बारिश हुई। छतरपुर स्थित बुंदेलखंड के केदारनाथ कहे जाने वाले जयशंकर धाम में बारिश का मनोरम दृश्य देखने को मिला। भोपाल में दोपहर बाद तेज बारिश हुई, जबकि सीहोर में भी जोरदार बारिश के दौरान काले घने बादलों से दिन में अंधेरा छा गया।

27-28 अगस्त को तेज बारिश, फिर दो दिन राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 अगस्त को प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, 29 और 30 अगस्त को कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद सितंबर की शुरुआत में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मानसून ट्रफ, लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद करीब दो दिन बारिश में ब्रेक आ सकता है।

39 जिलों में सामान्य से कम बारिश

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश अब भी सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत 39 जिलों में सामान्य से 3 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 3 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। जबकि प्रदेश के 16 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत