home page

मप्र: आज जबलपुर समेत 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में 8 इंच तक बरस सकता है पानी

 | 
मप्र: आज जबलपुर समेत 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में 8 इंच तक बरस सकता है पानी


- पूर्वी हिस्से में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव

भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से शनिवार को जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। अगले चार दिन तक जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में सिस्टम का ज्यादा असर रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को नर्मदापुरम, छतरपुर और उमरिया में अति भारी बारिश का अनुमान है। वहीं जबलपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, पन्ना, टीकमगढ़, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में भी बारिश के आसार

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, पांढुर्णा, सतना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, दमोह और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

खरगोन में जलाशय ओवरफ्लो, सतना में भी हालात बिगड़े

शुक्रवार को खरगोन जिले के गोगांवा में लगातार बारिश से साटक जलाशय ओवरफ्लो हो गया। 18.38 मिलियन क्यूबिक मीटर क्षमता वाला जलाशय स्पिल-वे के ऊपर से बहने लगा। दो साल बाद जलाशय में ऐसी स्थिति बनी है। इससे पहले यह 2023 में 16 सितंबर और 2024 में 2 सितंबर को ओवरफ्लो हुआ था।

सतना के ग्रामीण इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। तराई क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा रहा। पहाड़ी इलाकों से पानी तेजी से नीचे आने के कारण धारकुंडी आश्रम का झरना पूरे वेग से बह रहा है और आश्रम परिसर में भी पानी पहुंच गया। कोटर नगर परिषद कार्यालय परिसर और दुकानों में पानी भर गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वार्ड में पानी आने के बाद प्रसूताओं को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। बिरसिंहपुर-सेमरिया रोड पर मऊ नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है।

डिप्रेशन में बदला लो प्रेशर एरिया

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ लो प्रेशर एरिया अब डिप्रेशन में बदल गया है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में रहने की संभावना है। इसी वजह से इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जबकि प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में 2 प्रतिशत से 54 प्रतिशत तक बारिश कम हुई है।

वहीं पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में औसत से 1% से 48% तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत