home page

मध्य प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर समेत कुछ जिलों में बूंदाबांदी के आसार

 | 
मध्य प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर समेत कुछ जिलों में बूंदाबांदी के आसार


भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। अगले 24 घंटे के लिए शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 4 इंच या इससे अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर समेत प्रदेश के करीब 50 जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून ट्रफ और शियर जोन सक्रिय हैं। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में दो निम्न दबाव क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) भी बने हुए हैं। इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि शनिवार को अधिकांश जिलों में केवल हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।

पांच दिन में सुधरे बारिश के आंकड़े

पिछले पांच दिनों में प्रदेश में वर्षा की कमी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 20 जुलाई तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, जो बाद के दिनों में घटकर 14, फिर 11 और 10 प्रतिशत तक पहुंची। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कमी लगभग 11 प्रतिशत बनी हुई है। अब तक मध्य प्रदेश में औसतन 13 इंच (330.4 मिमी) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 14.6 इंच (370.9 मिमी) वर्षा हो जानी चाहिए थी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 8 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इन जिलों में रहेगा बारिश का असर

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में जून के मुकाबले जुलाई सबसे अधिक वर्षा वाला महीना माना जाता है। सामान्य तौर पर पूरे मानसून की लगभग 40 प्रतिशत बारिश जुलाई में होती है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 37.3 इंच है, जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में सामान्य बारिश 38 से 39 इंच के बीच रहती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के अंतिम दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत