home page

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, पारा 42 डिग्री पार, 16 अप्रैल से लू चलने का अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, पारा 42 डिग्री पार, 16 अप्रैल से लू चलने का अलर्ट


भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप ले लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात का पारा भी 25 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तेज गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है।

मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 16 से 18 अप्रैल के बीच 17 जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। इनमें रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला और बालाघाट प्रमुख हैं। विभाग के अनुसार, नर्मदापुरम में दिन के साथ-साथ रात भी सबसे ज्यादा गर्म बनी हुई है, जहां रात का तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

मंगलवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम, खजुराहो सहित 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो रतलाम में 41.4 डिग्री, खजुराहो और नौगांव में 41 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, बैतूल में 40.5 डिग्री, श्योपुर और रायसेन में 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शाजापुर, गुना और खरगोन में 40.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 40.1 डिग्री और दमोह, सागर व मलाजखंड में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। बड़े शहरों में भोपाल और जबलपुर में 39.6 डिग्री, इंदौर में 39.8 डिग्री तथा ग्वालियर और उज्जैन में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय हो रहा है, लेकिन यह काफी कमजोर रहेगा और इसका असर केवल पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। ऐसे में मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत