home page

मप्र में मानसून की दस्तक, आज 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दो-चार दिनों में पूरे प्रदेश में होगा सक्रिय

 | 
मप्र में मानसून की दस्तक, आज 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दो-चार दिनों में पूरे प्रदेश में होगा सक्रिय


भोपाल, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून ने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के 15 जिलों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों को भी कवर कर लेगा। हालांकि ग्वालियर-चंबल संभाग में मानसून सबसे आखिर में पहुंचेगा।

मौसम विभाग ने आज गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं सीधी जिले में लू चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, सतना, सीधी, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी जिलों में मानसून के आगमन की घोषणा की जा चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से चार दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा।

इस बार सामान्य से कम बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस वर्ष भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत प्रदेश के 47 जिलों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में औसत 37.3 इंच बारिश के मुकाबले इस बार 30 से 32 इंच तक बारिश दर्ज होने का अनुमान लगाया गया है।

मानसून की देरी से बारिश में बड़ी कमी

मानसून के विलंब से आने का असर प्रदेश की बारिश पर भी दिखाई दे रहा है। 24 जून तक की स्थिति में मध्य प्रदेश में सूखे जैसे हालात बने रहे। 1 जून से अब तक जहां औसतन 84.8 मिमी (3.6 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, वहीं केवल 42 मिमी (1.6 इंच) वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम है। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित 48 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत