मप्र में मानसून की दस्तक करीब, 15-18 जून के बीच एंट्री के आसार, आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट
भोपाल, 13 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिर बढ़ गई है और मौसम विभाग ने प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। इससे पहले प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है।
बीते शुक्रवार को श्योपुर जिले में तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। जिले में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, सागर में आधा इंच पानी गिरा। जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी समेत कई जिलों में भी आंधी और बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, जून महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में औसत से 23 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में औसत से 55 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में सामान्य से 2 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने शनिवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर जिलों में मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप खिलने की संभावना है।
बारिश और बादलों के असर से कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में तापमान 5.8 डिग्री गिरकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दतिया में 4 डिग्री की कमी के बाद तापमान 38.2 डिग्री दर्ज हुआ। रीवा में 7.3 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 35.2 डिग्री रहा, जबकि सतना में 6.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई। सिवनी में तापमान 3 डिग्री और खजुराहो में 4 डिग्री तक नीचे आ गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

