मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल ने संभाला पदभार
भोपाल, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष केशव सिंह बघेल ने गुरुवार को विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्होंने सेवा और समर्पण के भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, विधायक मोहन सिंह राठौर तथा पूर्व मंत्री इमरती देवी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। इसके बाद बघेल कामधेनु भवन स्थित निगम कार्यालय पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार संभाला।
“महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर करूंगा सेवा”
पदभार ग्रहण के बाद केशव सिंह बघेल ने कहा कि उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और प्रदेश की सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें निगम अध्यक्ष के रूप में जो जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से किया जाएगा।
बघेल ने कहा कि निगम के माध्यम से पशुपालकों के हितों की रक्षा, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा, पशुधन विकास और कुक्कुट पालन योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में पशुपालन को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, भाजपा ग्वालियर ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, वीरेंद्र जैन, कुंवर सिंह जाटव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

