मप्र में ईद उल जुहा की सरकारी छुट्टी अब 28 मई को, राज्य शासन ने जारी किया आदेश
भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवकाश की तारीख में बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश में 27 मई की जगह 28 मई को सरकारी छुट्टी रहेगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार शाम इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। इसके मुताबिक 27 मई को सभी सरकारी कार्यालय और बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे, जबकि 28 मई को अवकाश रहेगा।
पहले राज्य शासन द्वारा 27 मई को ईद का अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन चांद की स्थिति और त्योहार की वास्तविक तिथि 28 मई होने के कारण अवकाश बदलने की मांग उठ रही थी।
बैंक यूनियनों ने की थी मांग
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अवकाश की तारीख बदलने का आग्रह किया था। संगठन के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत घोषित 27 मई के अवकाश को संशोधित कर 28 मई करने की मांग की गई थी। कर्मचारी संगठनों का कहना था कि वास्तविक पर्व की तिथि पर अवकाश घोषित होना जरूरी है, ताकि कर्मचारी धार्मिक त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मना सकें। दिल्ली और गुजरात सरकारें भी पहले घोषित अवकाश में संशोधन कर चुकी हैं और वहां भी अब 28 मई को ही अवकाश रहेगा। राज्य शासन के नए आदेश के बाद अब प्रदेश के सरकारी दफ्तरों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों में 28 मई को अवकाश रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

