home page

सागर में शराब माफियाओं की मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

 | 
सागर में शराब माफियाओं की मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम


- आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

सागर, 10 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफियाओं की मारपीट से घायल हुए दूसरे युवक सूरज अहिरवार (40) ने भी रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शाहपुर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात की है जब शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति और सूरज अहिरवार गढ़ाकोटा से बिजली का सामान लेकर लौट रहे थे। रास्ते में एक बोलेरो सवार 10-12 लोगों ने उन्हें अवैध शराब बेचने के संदेह में रोक लिया और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने नीरज को इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल अवस्था में जान बचाकर भागने में सफल रहा था। शनिवार को नीरज का शव बरेठा बाबा की घाटी पर मिला था, जिसे आरोपियों ने दुर्घटना का रूप देने के लिए वहां फेंका था।

सूरज ने अस्पताल में अपनी मृत्यु से पहले पुलिस को दिए बयान में हमलावरों की पहचान की थी। उसने बताया था कि अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश सहित अन्य लोगों ने उन्हें बेरहमी से पीटा था। इसी बयान को आधार बनाकर पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। रविवार को सूरज की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शाहपुर चौकी प्रभारी को तत्काल बर्खास्त करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की हैं और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं, जिसके चलते दो निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत