home page

धनतेरस पर मध्य प्रदेश पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां, पांच दिन में 3.90 करोड़ के 1,748 मोबाइल बरामद

 | 
धनतेरस पर मध्य प्रदेश पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां, पांच दिन में 3.90 करोड़ के 1,748 मोबाइल बरामद


भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। पुलिस ने पिछले पांच दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभियान चलाकर गुम एवं चोरी हुए 1,748 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 90 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। त्योहार के अवसर पर मोबाइल वापस मिलने से सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर खुशियां लौट आई हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि मध्य प्रदेश पुलिस ने यह कार्रवाई CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों की मदद से की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों की साइबर टीमों ने मोबाइल फोन की पतारसी कर उन्हें जब्त किया और वास्तविक धारकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की।

उज्जैन : एक करोड़ रुपये कीमत के 524 मोबाइल बरामद

उज्जैन पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गुम एवं चोरी हुए 522 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये है। इसके अलावा थाना चिमनगंज मंडी क्षेत्र स्थित गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दो मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड और सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। इस तरह जिले में कुल 524 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

इंदौर : 89 लाख रुपये से अधिक कीमत के 323 मोबाइल बरामद

इंदौर पुलिस ने दीपावली के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर गुम एवं चोरी हुए 323 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें जोन-3 पुलिस ने 58 लाख रुपये से अधिक कीमत के 168 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। वहीं, क्राइम ब्रांच ने 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के 106 मोबाइल फोन बरामद किए। थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र में हुई नकबजनी का सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से खुलासा करते हुए 11 लाख 40 हजार रुपये कीमत के 36 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त थाना परदेशीपुरा पुलिस ने 13 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों को लौटाए।

नरसिंहपुर : 75 लाख रुपये के 201 मोबाइल मिले

नरसिंहपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 201 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये है।

छिंदवाड़ा : 26.58 लाख रुपये के 151 मोबाइल बरामद

छिंदवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 58 हजार रुपये है। सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए गए।

मंदसौर : 23 लाख रुपये के 115 मोबाइल लौटाए

मंदसौर पुलिस ने तकनीकी प्रयासों के माध्यम से आम नागरिकों के गुम हुए 115 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये है।

खंडवा : ऑपरेशन सहयोग में 102 मोबाइल बरामद

खंडवा पुलिस ने ऑपरेशन सहयोग के तहत कार्रवाई करते हुए 102 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी कुल कीमत करीब 21 लाख 81 हजार रुपये है। सभी मोबाइल फोन आवेदकों को वापस सौंप दिए गए।

पांढुर्णा : 18.50 लाख रुपये के 111 मोबाइल मिले

पांढुर्णा साइबर पुलिस ने तकनीकी प्रयासों से 111 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 18 लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

सतना : 17 लाख रुपये के 115 मोबाइल लौटाए

साइबर सेल सतना और जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल की सहायता से गुम एवं खोए हुए 115 मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 17 लाख रुपये है।

जबलपुर : 15 लाख रुपये के 86 मोबाइल बरामद

जबलपुर पुलिस की साइबर सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से गुम हुए 86 मोबाइल फोन खोजकर बरामद किए। करीब 15 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।

शिवपुरी : दुकान से चोरी हुए 20 मोबाइल जब्त

शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में एक दुकान में घुसकर मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत 2 लाख 36 हजार रुपये है।

तकनीक और तत्परता से मजबूत हो रहा पुलिस पर भरोसा

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की पतारसी और बरामदगी के लिए लगातार आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। CEIR पोर्टल और अन्य तकनीकी माध्यमों से साइबर टीमें मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा रही हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई इन कार्रवाइयों से पुलिस की तकनीकी दक्षता, तत्परता और नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता सामने आई है। धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर मोबाइल फोन वापस मिलने से लोगों को आर्थिक राहत के साथ खुशियां भी मिली हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा