मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस की अहम बैठक, नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित
भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस की महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी बैठक साेमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में ेेेकिसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संगठन के विस्तार, नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा और किसान न्याय योद्धा अभियान शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, सुखदेव पांसे, विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह चौहान, सेवादल के मुख्य संगठक अवनीश भार्गव, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, सुनील सराफ, किसान कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी अनूप धोटे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, गांव-गांव तक संगठन विस्तार का लक्ष्य
बैठक में संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से किसान कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। साथ ही प्रदेश की प्रत्येक पंचायत और गांव तक संगठन का विस्तार करने का संकल्प लिया गया। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय किसान न्याय योद्धा अभियान का शुभारंभ रहा। अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक पंचायत और गांव में पांच-पांच किसान न्याय योद्धा नियुक्त किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी किसानों की समस्याओं को संगठन और प्रशासन तक पहुंचाने, किसान हितों की रक्षा करने तथा गांव स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की होगी। बैठक में किसान कांग्रेस की गतिविधियों और किसानों से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने डिजिटल माध्यमों को अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर जोर दिया।
जीतू पटवारी बोले- जवाबदेही तय होगी, काम के आधार पर होगी समीक्षा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह संगठन को शत-प्रतिशत मजबूत बनाने का समय है। उन्होंने सभी जिलों और ब्लॉकों में संगठन के विस्तार के साथ प्रत्येक गांव में किसान न्याय योद्धा तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में जवाबदेही सर्वोपरि होगी और सभी पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। प्रदर्शन के आधार पर आवश्यक संगठनात्मक निर्णय भी लिए जाएंगे। पटवारी ने कहा कि मजबूत संगठन और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही किसानों के अधिकारों की प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।
धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया अभियान को किसानों की ताकत
प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसान न्याय योद्धा अभियान किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा की दिशा में संगठन का महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश के प्रत्येक गांव में किसान कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी और किसानों की आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

