जबलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, 50 मीटर तक घसीटा
जबलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर-दमोह रोड पर बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मारने के बाद नीचे कुचल दिया और करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे पाटन नगर स्थित स्टेट बैंक के पास हुई, जब दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे ट्रक (MP09 एसएस 3760) ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और काफी दूर तक घसीटता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग सक्रिय हो गए और ट्रक का पीछा करते हुए उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में पुलिस को मिले दस्तावेजों के आधार पर वह सिवनी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी स्कूटी (MP49 जेडजी 9251) नरसिंहपुर जिले में रजिस्टर्ड पाई गई है। युवक का नाम राम सिंह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, हालांकि अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

