home page

मध्य प्रदेश में हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्ति का जनसैलाब, मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी

 | 
मध्य प्रदेश में हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्ति का जनसैलाब, मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी


- कहीं सोने-चांदी का श्रृंगार तो कहीं 51 फीट प्रतिमा का अनावरण

भोपाल, 02 अप्रैल (हि.स.) । राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेशभर में शोभायात्राएं, भंडारे और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही दर्शन और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है।

भोपाल के खेड़ापति हनुमान मंदिर, इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर और पितरेश्वर हनुमान मंदिर, उज्जैन के गेबी हनुमान मंदिर, जबलपुर के अर्जी वाले हनुमान मंदिर और ग्वालियर के मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में विशेष आयोजन हो रहे हैं।

सोने-चांदी के श्रृंगार से सजे हनुमान मंदिर

ग्वालियर के रोकड़िया हनुमान मंदिर में भगवान को चांदी की पोशाक पहनाई गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं रतलाम के श्री बरबड़ हनुमान मंदिर और श्री मेहंदी कुई बालाजी मंदिर में सोने से भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं, रतलाम के खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी बालाजी का 60 ग्राम केसर और सोने के वर्क से विशेष शृंगार किया गया।

छतरपुर में 51 फीट विशाल प्रतिमा का अनावरण

छतरपुर में 171 क्विंटल अष्टधातु से बनी 51 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस भव्य प्रतिमा को तैयार करने में करीब 7 साल का समय लगा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इंदौर में केसरिया महल थीम, खास सजावट

इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में बाबा को केसरिया महल थीम पर सजाया गया है। मंदिर परिसर में केसरिया पर्दे और फूलों का बंगला सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यहां विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

प्रदेशभर में भजन, भंडारे और शोभायात्राएं

आगर मालवा के गोपाल मंदिर में वीर हनुमान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। यहां गन्नों से पंडाल सजाकर 511 कन्याओं को भोजन कराया गया और शाम को महाआरती होगी। अनूपपुर में रामायण पाठ, हवन-पूजन और भंडारों का आयोजन हो रहा है। कोतमा, जैतहरी, अमरकंटक और बिजुरी क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सीहोर के हनुमान मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

भोपाल और अन्य शहरों में विशेष आयोजन

भोपाल के खटलापुरा हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। भक्तों ने प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, छिंदवाड़ा के सिमरिया में 101 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। धार्मिक जानकारों के अनुसार, चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के दिन हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस बार यह तिथि हस्त नक्षत्र और ध्रुव योग में आई है, जो इसे और अधिक शुभ बना रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत