home page

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड 2027 का टाइम टेबल किया जारी, परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय में बदलाव नहीं

 | 
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड 2027 का टाइम टेबल किया जारी, परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय में बदलाव नहीं


मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड 2027 का टाइम टेबल किया जारी, परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय में बदलाव नहीं


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) ने गुरुवार को हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। मंडल के कार्यक्रम के मुताबिक 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक और 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। मंडल ने नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा।

12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से

हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2027 की शुरुआत 17 फरवरी से होगी। पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 18 फरवरी को उर्दू और मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत तथा 22 फरवरी को NSQF, शारीरिक शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। 23 फरवरी को हिंदी और 26 फरवरी को अंग्रेजी का पेपर होगा।

मार्च में 1 मार्च को इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र, 4 मार्च को भौतिक शास्त्र/अर्थशास्त्र सहित निर्धारित विषय, 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र, 13 मार्च को रसायन शास्त्र/इतिहास/व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य विषय और 16 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। 17 और 19 मार्च को अलग-अलग व्यावसायिक एवं वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं निर्धारित हैं।

10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से

हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2027 24 फरवरी से शुरू होगी और 18 मार्च तक चलेगी। शुरुआत भाषा विषयों सहित निर्धारित अन्य विषयों से होगी। इसके बाद 25 फरवरी को NSQF के विषय और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। मुख्य विषयों में 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित, 9 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। गणित में बेसिक और स्टैंडर्ड विकल्प के अनुसार अलग-अलग प्रश्नपत्र की व्यवस्था भी की गई है।

परीक्षा केंद्र पर 8 बजे तक पहुंचना होगा

मंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना और 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना जरूरी होगा। सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रश्न-पत्र पढ़ने और समझने के लिए परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद उत्तरपुस्तिका वितरित कर परीक्षा शुरू कराई जाएगी।

प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीख भी तय

10वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून 2027 के बीच आयोजित होंगी। वहीं 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर प्रायोगिक परीक्षा अवकाश के दिन भी आयोजित की जा सकती है।

दूसरी परीक्षा का भी कार्यक्रम जारी

मंडल ने मुख्य परीक्षा के बाद आयोजित होने वाली दूसरी परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी किया है। 12वीं की दूसरी परीक्षा 11 से 30 जून 2027 तक होगी, जबकि 10वीं की दूसरी परीक्षा 15 से 30 जून 2027 तक आयोजित की जाएगी।

10वीं की दूसरी परीक्षा में 15 जून को अंग्रेजी, 18 जून को गणित, 19 जून को उर्दू, 21 जून को भाषा एवं अन्य विषय, 23 जून को NSQF व AI, 24 जून को संस्कृत, 26 जून को विज्ञान, 28 जून को हिंदी और 30 जून को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी।

डीपीएसई की परीक्षा भी फरवरी में

विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डीपीएसई) की दो वर्षीय मुख्य परीक्षा भी फरवरी में होगी। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 17, 20, 23 और 25 फरवरी, जबकि द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 18, 22, 24 और 26 फरवरी को होंगी। इन परीक्षाओं का समय भी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है।

छुट्टी होने पर भी परीक्षा होगी

मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में किसी दिन सरकारी अथवा स्थानीय अवकाश घोषित होने के बावजूद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों में परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में मंडल की ओर से सूचना जारी की जाएगी।

विद्यार्थियों के लिए जरूरी निर्देश

8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।

8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य है।

8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट प्रश्न-पत्र पढ़ने और समझने के लिए दिए जाएंगे।

विद्यार्थी परीक्षा से पहले अपने विषय और परीक्षा की तारीख टाइम टेबल से अवश्य जांच लें।

एमपी बोर्ड का टाइम टेबल जारी होने के साथ ही 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के पास परीक्षा की तैयारी के लिए पूरा शेड्यूल उपलब्ध हो गया है। अब विद्यार्थी विषयवार रणनीति बनाकर तैयारी शुरू कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे