राजगढ़ः मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती का 61वां पुण्य स्मृति दिवस मनाया
राजगढ़, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शहीद कॉलोनी ब्यावरा के तत्वावधान में बुधवार को ब्रह्माकुमारीज संस्था की प्रथम मुख्य प्रशासिका एवं जगदंबा स्वरूपा मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती का 61वां पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया।
इस अवसर को ‘विश्व आध्यात्मिक ज्ञान दिवस’ के रूप में भी मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाई-बहन, श्रद्धालु और गणमान्यजन शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राजगढ़ जिले की प्रभारी राजयोगिनी मधु दीदी, सुप्रसिद्ध कथावाचक आशा शर्मा दीदी, अग्रवाल समाज महिला जिला अध्यक्ष इंदिरा अग्रवाल, महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष भगवती अग्रवाल, लाड़ कुंवर केलवा तथा ब्यावरा सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
राजयोगिनी मधु दीदी ने मातेश्वरी के दिव्य जीवन, त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म वर्ष 1919 में अमृतसर में हुआ था। बचपन में उनका नाम राधा था और मात्र 16 वर्ष की आयु में वे ईश्वरीय ज्ञान से जुड़ गई थीं। तप, त्याग, प्रेम और साधना के बल पर उन्होंने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन किया। ब्यावरा सेवाकेंद्र की संचालिका लक्ष्मी दीदी ने कहा कि मातेश्वरी शक्ति, निर्भयता, सत्य और सेवा की प्रतिमूर्ति थीं। उनका जीवन आज भी आध्यात्मिक उत्कृष्टता और समर्पण की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अंत में लक्ष्मीनारायण पटेल ने आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

