home page

राजगढ़ः वैष्णो देवी मंदिर में कन्या भोज- भंडारा,राज्यमंत्री पंवार ने किया कन्याओं का पूजन

 | 
राजगढ़ः वैष्णो देवी मंदिर में कन्या भोज- भंडारा,राज्यमंत्री पंवार ने किया कन्याओं का पूजन


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नवरात्रि महोत्सव के समापन पर रविवार को मां मंशापूर्ण वैष्णो देवी मंदिर परिसर में विशाल कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्सय विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने कन्याओं का पाद पूजन कर आशीर्वाद लिया।

कन्याओं को भोजन कराने के साथ उपहार स्वरूप शैक्षणिक सामग्री भी भेंट की गई। आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की और माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूजा-अर्चना और आरती के बाद विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया गया।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि नवरात्रि केवल देवी उपासना का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, श्रद्धा और सेवा भावना का प्रतीक है। कन्याओं में देवी का स्वरूप माना जाता है। उनका सम्मान करना समाज का कर्तव्य है।

आयोजन के दौरान मां मंशापूर्ण वैष्णो देवी मंदिर के प्रस्तावित भव्य निर्माण के नक्शे का अवलोकन भी किया गया। नक्शा तैयार करने वाले इंजीनियर अक्षय शिवहरे को मंदिर ट्रस्ट की ओर से शाल, श्रीफल और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए श्रद्धालुओं को डिस्पोजल पत्तलों के बजाय थालियों में भोजन परोसा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक