राजगढ़ःमां जालपा को अर्पित की 1111 मीटर लंबी चुनरी, ड्रोन से हुई गुलाब के फूलों की बारिश
राजगढ़,17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मां जालपा के प्रति आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा शनिवार को राजगढ़ नगर में देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में निकली 16वीं मां जालपा चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मातृशक्ति की अगुवाई और संतों के मार्गदर्शन में निकली यात्रा में मां जालपा को 1111 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। नगर के विभिन्न मार्गों पर सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान ड्रोन से गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ गया।
राधा-कृष्ण मंदिर में पूजन के बाद शुरू हुई यात्रा यात्रा का शुभारंभ राजमहल परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। संत हरिनारायण वैष्णव, रोहित नागर, गोदावरी पुरी बम-बम महाराज और कैलाश गिरि सहित अन्य संतों की मौजूदगी में चुनरी पूजन और कन्या पूजन किया गया। इसके बाद मां जालपा के जयकारों के साथ श्रद्धालु यात्रा में आगे बढ़े। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा का जगह- जगह स्वागत किया गया। नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
यात्रा मां जालपा मंदिर पहुंची, जहां विधि- विधान से 1111 मीटर लंबी चुनरी माता रानी को अर्पित की गई। आयोजन समिति की ओर से यात्रा में शामिल मातृशक्ति को 200 से अधिक चुनरियां भेंट की गईं। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर नगर और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता भी हुए शामिल आयोजन में ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पीयूष दुबे, राजेंद्र जोशी, पार्षद संजय गुप्ता, देवीसिंह सोंधिया, अंशुल तिवारी और विहिप जिला अध्यक्ष तेजेंद्र उपाध्याय सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विहिप जिला मंत्री मयंक जायसवाल, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख लखन गुर्जर, प्रखंड अध्यक्ष सोनू गोड, प्रखंड मंत्री हेमराज तंवर, नगर मंत्री लोकेश शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। यात्रा में मातृशक्ति की अगुवाई, संतों का मार्गदर्शन, जगह-जगह स्वागत और ड्रोन से हुई पुष्पवर्षा प्रमुख आकर्षण रहे। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

