धार: 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते लिपिक रंगे हाथों गिरफ्तार
धार, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय डही के सहायक ग्रेड 3 लेखा शाखा प्रभारी को इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को सेवानिवृत हुए एक कर्मचारी की पेंशन प्रकरण तैयार करने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांगे जाने पर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक रणजीत पुत्र कुवंरसिंह वामनियां निवासी डही जिला धार ने दिनांक 28 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर को शिकायत की थी कि दिनेश भिड़े, सहायक ग्रेड 3 लेखा शाखा प्रभारी, कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, डही द्वारा आवेदक के पिताजी कुवंरसिंह वामनियां, सी.एम.राइज स्कूल डही जिला धार के चपरासी के पद से 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे।
पेंशन प्रकरण तैयार करने एवं एन.पी.एस. कटोत्रा की राशि आहरित करने के एवज में 10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त पुलिस इंदौर निरीक्षक श्रीमती रेनू अग्रवाल, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक पवन पटोरिया, सतीश यादव, मनीष माथुर, कृष्णा अहिरवार द्वारा सत्यापन में शिकायत सही पाये जाने पर बुधवार को आवेदक से 10,000 रू. रिश्वत लेते हुए आरोपी दिनेश भिड़े रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7, के अंतर्गत कार्यवाही की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

