home page

मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद जहरीली शराबकांड के आरोपियों पर चला बुलडोजर, चंदू राजपूत समेत पांच मकान जमींदोज

 | 
मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद जहरीली शराबकांड के आरोपियों पर चला बुलडोजर, चंदू राजपूत समेत पांच मकान जमींदोज


सागर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जीरो टॉलरेंस के निर्देश के बाद गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शराबकांड से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया। बंडा के वार्ड क्रमांक 11 और 12 में मुख्य आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू समेत पांच मकानों और निर्माणों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष और कथित नकली शराब माफिया चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के मकान पर भी बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा आशीष साहू के एक मकान और मनीष लोधी के तीन मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के लिए मौके पर तीन जेसीबी मशीनें और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस, प्रशासन और बंडा नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

शासकीय जमीन पर कब्जे को बनाया कार्रवाई का आधार

बंडा एसडीएम संजय जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। प्रशासन ऐसे लोगों को चिह्नित कर रहा है, जिन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान, भवन, गोदाम अथवा अन्य निर्माण किए हैं। इसके साथ ही कृषि भूमि पर अनधिकृत कब्जे के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को मुख्य सरगना चंदू उर्फ चंद्रभान के साथ मनीष लोधी और आशीष साहू के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई नगर पालिका के सहयोग से की जा रही है।

सिमरिया में भी मिले अनधिकृत कब्जे

एसडीएम के अनुसार सिमरिया गांव में कृषि भूमि पर अनधिकृत कब्जे के मामले भी सामने आए हैं। इन मामलों में शाहगढ़ तहसीलदार द्वारा कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ततरवारा में नहीं, बल्कि संबंधित जमीनें सिमरिया गांव, शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में हैं। जांच के दौरान चिह्नित किए गए अन्य आरोपियों की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण या अनधिकृत कब्जा मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सागर पहुंचकर की थी समीक्षा

बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। बीते रोज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं सागर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने शराबकांड से जुड़े आरोपियों और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया।

मौतों के आंकड़े को लेकर स्थिति अलग-अलग

बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 28 तक पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक 15 मौतों की पुष्टि की जा रही है। जहरीली शराब से प्रभावित कई लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि कुछ मरीज अभी भी आईसीयू में भर्ती बताए जा रहे हैं।

जहरीली शराबकांड के बाद आरोपियों के कथित अवैध निर्माणों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस के निर्देशों के बीच हुई इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि मामले में आरोपियों और उनसे जुड़े अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे