सागर में दूषित शराब से बीमार लोगों का मंत्री गोविंद सिंह ने जाना हाल, तीन दिन में मुआवजे का भरोसा
सागर, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से लोगों के बीमार होने की घटना के बाद सरकार ने प्रभावित परिवारों की मदद तेज कर दी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि घटना को लेकर सरकार गंभीर है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि दूषित शराब से प्रभावित लोगों और मृतकों के परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पीड़ितों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
गंभीर हालत वाले तीन मरीज एम्स भोपाल रेफर
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि आंखों में गंभीर समस्या का सामना कर रहे तीन मरीजों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल एम्स भोपाल भेजा गया है। इनमें सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार शामिल हैं।
मंत्री ने अस्पताल में उपचाररत अन्य मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आवश्यकता के अनुसार उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए मंत्री ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार और इससे जुड़े माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की प्राथमिकता पीड़ितों को राहत देने के साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करना है।
अपने करीब 25 वर्ष के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए राजपूत ने कहा कि उन्होंने कभी जुआ, सट्टा या शराब जैसे सामाजिक अपराधों का समर्थन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि केवल किसी के साथ फोटो खिंचवाने या माला पहनाने भर से उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त नहीं हो जाता।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से किए जा रहे राजनीतिक हमलों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अब 'ट्वीट मास्टर' बन गए हैं और सुर्खियों में बने रहने के लिए अनर्गल बयानबाजी करते हैं। राजपूत ने तंज कसते हुए कहा कि 80 वर्ष की उम्र में उन्हें भगवान का भजन करना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी उन्होंने गंभीरता से राजनीति करने की सलाह दी। राजपूत ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में राजनीति करने के बजाय विपक्ष को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने पटवारी को राजनीति में बचपना छोड़कर गंभीरता दिखाने की नसीहत दी।
पीड़ितों को राहत और दोषियों पर कार्रवाई पर जोर
बण्डा क्षेत्र में दूषित शराब से हुई घटना के बाद सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर उपचार व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को पीड़ितों की मदद में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित लोगों को समय पर मुआवजा दिलाने के साथ घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

