home page

शहडोल: तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, दादा के सामने पोते की मौत, तीन झुलसे

 | 
शहडोल: तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, दादा के सामने पोते की मौत, तीन झुलसे


शहडोल, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन को प्रभावित किया। सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम पोंडी में आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। ब्यौहारी क्षेत्र के ग्राम बरा में तीन लोग झुलस गए। लगातार बारिश के कारण ब्यौहारी नगर की सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घरों-दुकानों में पानी भर गया।

सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम पोंडी निवासी 16 वर्षीय सौरभ अहिरवार रविवार को अपने दादा के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली उस पर गिर गई। सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दादा इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

आकाशीय बिजली गिरने की दूसरी घटना ब्यौहारी जनपद पंचायत के ग्राम बरा में हुई। यहां दुर्गावती सिंह, बसंती सिंह और बालगोविंद सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को ब्यौहारी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिले में हुई भारी बारिश ने ब्यौहारी नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। पपौंध तिराहा, बस स्टैंड और स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। कई इलाकों में सड़कों पर तालाब जैसी स्थिति बन गई, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हुआ।

बारिश का पानी कई घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को सामान खराब होने से आर्थिक नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बारिश में शहर के निचले इलाकों में जलभराव होता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला