home page

द्वितीय कर्मयोगी आईगॉट पर राज्य सीखें सप्ताह का आयोजन 7 से 11 दिसंबर तक

 | 

- उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोकसेवकों को मिलेगा पुरस्कार

- मिशन कर्मयोगी में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए मध्यप्रदेश की विशेष पहल

भोपाल, 27 नवम्बर (हि.स.) । मिशन कर्मयोगी अंतर्गत द्वितीय कर्मयोगी आईगॉट (IGOT) पर राज्य सीखें सप्ताह का आयोजन 7 से 11 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक विभाग एवं जिला कलेक्टर द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र/पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में आईगॉट प्लेटफॉर्म पर समग्र रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन लोकसेवकों को भी प्रमाण-पत्र/पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश बैन ने शुक्रवार को बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने सभी विभाग प्रमुखों, कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स से अपेक्षा की है कि वे इस सप्ताह के लिए निर्देशों के अनुसार समयबद्ध तैयारी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा है कि सभी अधिकारी समन्वय पूर्वक सप्ताह का आयोजन करें जिससे देश में मध्यप्रदेश की प्रथम रैंकिंग सुनिश्चित हो सके।

न्यूनतम तीन घंटे का प्रशिक्षण

उन्होंने बताया कि प्रत्येक शासकीय अधिकारी/कर्मचारी द्वारा आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से न्यूनतम तीन घंटे की अवधि के पाठ्यक्रम पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाएगा। दो सामान्य पाठ्यक्रमों के साथ एक AI प्रशिक्षण पाठ्यक्रम अवश्य पूर्ण कराया जाएगा।

विभागीय कार्ययोजना एवं लक्ष्य निर्धारण

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश दिये है कि प्रत्येक विभाग प्रमुख/जिला कलेक्टर व्दारा अपने अधीनस्थ कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आईगॉट पंजीयन, पाठ्यक्रम आवंटन तथा पाठ्यक्रम पूर्णता की स्थिति की समीक्षा कर, स्पष्ट एवं समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किया जाए।

व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरुकता

निर्देश अनुसार विभागीय ई-मेल, विभागीय वीसी/जिले की टीएल बैठकों एवं अन्य कार्यालयीन बैठकों, संदेश समूहों आदि के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईगॉट पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों के लाभ, पाठ्यक्रम पूर्ण करने की प्रक्रिया तथा राज्य सीखें सप्ताह के निर्धारित लक्ष्यों से अवगत कराया जाए। अधिकारियों से कहा गया है कि साथ ही आईगॉट पंजीयन, पाठयक्रम आवंटन एवं पूर्णता एवं राज्य सीखें सप्ताह की नियमित समीक्षा की जाए। सभी कलेक्टर, आईगॉट के नोडल अधिकारी के माध्यम से सभी विभागों से समन्वय, सहभागिता, प्रशिक्षण तथा दैनिक प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।

मूल्यांकन प्रतिवेदन में अंक होंगे समाविष्ट

उन्होंने बताया कि सभी विभागों द्वारा सप्ताह प्रारंभ होने के पूर्व संक्षिप्त अभिमुखीकरण/लाइव डेमो आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक शासकीय सेवक द्वारा आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर प्रतिमाह न्यूनतम एक घंटे का पाठ्यक्रम नियमित रूप से पूर्ण किया जाएगा। इसके लिए वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन प्रतिवेदन में अंक प्रदान किए जाने की व्यवस्था समाविष्ट किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

उल्लेखन है कि कर्मयोगी भारत एवं कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार द्वारा राज्य श्रेणीकरण रूपरेखा अनुसार कुल 100 अंकों में से प्राप्तांकों के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर राज्यों के प्रदर्शन का आंकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत