शहडोल: बाणसागर पुल के ज्वाइंट में बड़ा दरार से हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने की जल्द मरम्मत की मांग
शहडोल, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के देवलोंद क्षेत्र में सोन नदी पर बने बाणसागर पुल के ज्वाइंट में एक बड़ा दरार और गड्ढा देखा गया है। शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर स्थित इस पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। इस पुल से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। पुल की खराब स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपायों की मांग की है।
इसी बीच, रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गड्ढे से बचने के प्रयास में एक ट्रक के अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही घटना कब हुई, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुल के मध्य में बने ज्वाइंट के पास सड़क की सतह पर एक बड़ा क्रैक और गड्ढा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इससे वाहन चालकों को इस हिस्से से गुजरते समय काफी परेशानी हो रही है। विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि लगातार वाहनों के दबाव से ज्वाइंट की स्थिति और अधिक खराब होने की आशंका है।
वायरल वीडियो में पुल पर बने गड्ढे को दिखाया गया है। वीडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि गड्ढे से बचने की कोशिश में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया था। गनीमत रही कि ट्रक पुल से नीचे नहीं गिरा। हालांकि, वीडियो की तारीख और घटना के स्थान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है, इसलिए ट्रक हादसे के दावे की भी पुष्टि नहीं की जा सकती।
सोन नदी पर बना यह बाणसागर पुल शहडोल-रीवा के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। जून 2025 में भी पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और बीच में गड्ढा बन गया था। उस दौरान, प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से आवागमन बंद कर दिया था। तब पुल की मरम्मत और उसकी स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए गए थे।
निरीक्षण के साथ सुरक्षा इंतजाम की मांग
अब ज्वाइंट में दोबारा क्रैक और गड्ढा दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से पुल की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने तक क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने। यह पुल शहडोल-रीवा मार्ग पर आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए ज्वाइंट की स्थिति को लेकर तत्काल तकनीकी निरीक्षण जरूरी है।
मनीष शुक्ला
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

