जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप: ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
सागर, 18 अप्रैल (हि.स.)।। मध्य प्रदेश के सागर जिले के ग्राम सड़ेरी में भूमि विवाद का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंचे और जनपद पंचायत सागर के अध्यक्ष प्रतिनिधि पृथ्वी सिंह ठाकुर पर निजी एवं पैतृक जमीनों पर कब्जा करने के आरोप लगाए।
ग्रामीणों ने सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां कलेक्टर के नाम आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से गांव की कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब वे खेतों में काम करने पहुंचे तो आरोपी पक्ष कुछ लोगों के साथ वहां आया और विवाद करते हुए मारपीट की। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की शिकायत पहले संबंधित थाने में की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने ग्रामीणों की शिकायत सुनकर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और कहा कि तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पृथ्वी सिंह ठाकुर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है। अब पूरे मामले में पुलिस और राजस्व विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर वास्तविक तथ्य क्या हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

