home page

मप्रः भूमि अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा, भोपाल में किसान मोर्चा ने मनाया उत्सव, मुख्यमंत्री के फैसले का किया स्वागत

 | 
मप्रः भूमि अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा, भोपाल में किसान मोर्चा ने मनाया उत्सव, मुख्यमंत्री के फैसले का किया स्वागत


भोपाल, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों के लिए भूमि अधिग्रहण मुआवजा चार गुना करने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए उत्सव मनाया। रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाए और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।

यह आयोजन मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए किया गया। नए प्रावधान के तहत शासकीय और सार्वजनिक विकास कार्यों के लिए अधिग्रहित कृषि भूमि पर किसानों को बाजार दर का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे सरकार की किसान हितैषी नीति और प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इससे किसानों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और विकास परियोजनाओं को भी गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में बड़ी संख्या में किसानों को मुआवजा वितरित किया गया है, जिसे अब और बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया है। राज्य सरकार वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है और यह निर्णय उसी कड़ी का हिस्सा है।

वहीं विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि यह फैसला किसानों की मेहनत को सम्मान देने वाला है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे किसानों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सरकार के इस निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे