राजगढ़ः“कृषि रथ” अभियान का शुभारंभ, दस दिन जिले में करेगा भ्रमण
राजगढ़, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कृषकों को नवीन कृषि तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को “कृषि रथ” अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, मंडल अध्यक्ष सचिन मौर्य, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा,एसडीएम निधि भारद्वाज, उपसंचालक कृषि सचिन जैन तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना किया। इस अवसर पर राजस्व, कृषि, आत्मा परियोजना, पशुपालन, उद्यानिकी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी -कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत कृषि रथ आगामी 10 दिनों तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से किसानों को ई-विकास प्रणाली द्वारा उर्वरक वितरण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कीट एवं रोग प्रबंधन, नरवाई प्रबंधन, फसल विविधीकरण तथा कृषि को लाभकारी बनाने के उपाय बताए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। कृषि रथ के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारी प्रतिदिन उपस्थित रहेंगे और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। योजना के अनुसार रथ प्रतिदिन लगभग चार ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा तथा किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ दिलाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

