home page

किशोर कुमार जयंती पर एमसीयू में सजे सुरों के रंग, गूंजे सदाबहार नगमे

 | 
किशोर कुमार जयंती पर एमसीयू में सजे सुरों के रंग, गूंजे सदाबहार नगमे


भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) और मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को महान पार्श्वगायक एवं अभिनेता स्व. किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर ‘ये शाम मस्तानी’ अंतर महाविद्यालयीन संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंस (बीएसएसएस) के बैंड ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया। बैंड ने ‘कोरा कागज था ये मन मेरा’, ‘पल पल दिल के पास’, ‘इंतहा हो गई’, ‘प्यार हमें किस मोड़ पे ले आया’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘अरे दीवानों मुझे पहचानो’, ‘खइके पान बनारस वाला’, ‘सारा जमाना हसीनों का दीवाना’ और ‘एक हसीना थी’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों पर सभागार में मौजूद श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशोर कुमार के बहुआयामी व्यक्तित्व और भारतीय सिनेमा तथा संगीत जगत में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने बैंड के कलाकारों की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला तथा विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. उर्वशी परमार और विवेक सावरीकर ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा