home page

सागरः जैसीनगर में ₹2 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक किसान संगोष्ठी भवन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया भूमि पूजन

 | 
सागरः जैसीनगर में ₹2 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक किसान संगोष्ठी भवन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया भूमि पूजन


सागर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए सोमवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बड़ी सौगात दी। उन्होंने जैसीनगर में अत्याधुनिक 'किसान संगोष्ठी भवन' का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह भवन क्षेत्र के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ हैं। जब तक किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक प्रदेश और देश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। यह संगोष्ठी भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि किसानों की प्रगति का द्वार बनेगा।

मंत्री राजपूत ने बताया कि इस नवनिर्मित भवन को आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। संबोधन के दौरान मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय को दोगुना करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में बेहतर मंडी व्यवस्था और समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीदी का भी आश्वासन दिया।

इस अवसर पर स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरज सिंह, जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नेता, एडवोकेट राजू बड़ोनिया, और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे