भोपाल मेट्रो रेल प्रोजेक्ट में बाधक 10 दुकानें और 12 गुमठियां हटाईं
भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में बाधक अतिक्रमणों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पुरानी विधानसभा क्षेत्र से 10 दुकानें और 12 गुमठियां हटाईं। इस दौरान ठेले, टेबल, कुर्सियां, स्टूल और पन्नी समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया।
नगर निगम के अनुसार, शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई के साथ सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का भी निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम के विभिन्न दलों ने शहर के कई हिस्सों में कार्रवाई की।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बैरागढ़, चिरायु अस्पताल, चंचल चौराहा, मिनी मार्केट, मल्टीलेवल पार्किंग, सीटीओ, गांधीनगर बस स्टैंड, संजय नगर, शाहजहांनाबाद, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट, भोपाल टॉकीज, डीआईजी बंगला, पुरानी सब्जी मंडी, बरखेड़ी, जहांगीराबाद, कालीजी मंदिर, अशोका गार्डन, परिहार चौराहा, रेतघाट, रविंद्र भवन, मिंटो हॉल, न्यू मार्केट सबवे, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, जवाहर चौक, 1100 क्वार्टर, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर जोन-1 व 2 और एम्स अस्पताल सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।
निगम की टीम ने बैरागढ़ सीटीओ क्षेत्र में सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से लगाई गई मछली की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की। दुकानदारों द्वारा बनाए गए अवैध छप्परों को भी हटाया गया। वहीं अशोका गार्डन टंकी चौराहा क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए दो चबूतरों को हटाया गया।
एमपी नगर जोन-1 और जोन-2 में आवागमन में बाधक वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। निगम अमले ने रास्ते में बाधा बन रहे 12 दोपहिया और पांच चारपहिया वाहनों को हटवाया।
अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमठियां, अस्थायी छप्पर, चबूतरे, नालियों पर रखी फर्शियां और फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाया। दुकानों के बाहर रखा सामान भी हटाया गया। इनमें सब्जी, कपड़े और मछली की दुकानें शामिल थीं।
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने 15 ठेले, 10 टेबल, 21 कुर्सियां, नौ स्टूल और लूज पन्नी समेत अन्य सामग्री जब्त की। निगम अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

