home page

राजगढ़ः ब्यावरा में किन्नर समाज का आध्यात्मिक महाकुंभ, भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

 | 
राजगढ़ः ब्यावरा में किन्नर समाज का आध्यात्मिक महाकुंभ, भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ


राजगढ़, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में पहली बार किन्नर समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा एवं किन्नर महासम्मेलन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना हुआ है।

पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा के साथ हुआ। कथा का आयोजन 12 जून तक बैकुंठ मार्ग स्थित बल्लभा गार्डन में किया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। 10 से अधिक सजी-धजी बग्गियों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां सजाई गई थीं।

ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोषों के बीच निकली यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। संत-महामंडलेश्वरों और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों की एक झलक पाने के लिए मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महासम्मेलन में देशभर से आए किन्नर जगद्गुरु, महामंडलेश्वर और संत शामिल हुए।

शुक्रवार को आयोजित पट्टाभिषेक समारोह में ब्यावरा की गुरु मां मीना नायक को महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई। आयोजन जगद्गुरु काजल मां के सान्निध्य में संपन्न हो रहा है। कथा का वाचन विश्व की दूसरी किन्नर कथा वाचक हेमलता मां द्वारा किया जा रहा है, जिन्हें संपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा कंठस्थ है। आयोजन के दौरान 50 से अधिक किन्नरों की वैदिक विधि-विधान एवं शुद्धिकरण संस्कारों के साथ सनातन धर्म में घर वापसी भी कराई गई।

जगद्गुरु काजल मां ने कहा कि किन्नर समाज का उद्देश्य मानवता, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देशभर से 250 से अधिक किन्नर समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।आयोजक गुरु मां मीना नायक, रुपाली नायक, जन्नत नायक, माधुरी नायक और तुलसी नायक सहित समस्त किन्नर समाज ने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की है। कथा प्रतिदिन रात्रि 8 से 11 बजे तक पं. मनोज तिवारी पीपलबे आश्रम ब्यावरा द्वारा की जा रही है। 12 जून को पूर्णाहुति, कथा विश्राम एवं महाप्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक