home page

राजगढ़ःखेलो इंडिया डायलॉग में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

 | 
राजगढ़ःखेलो इंडिया डायलॉग में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प


राजगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले के शासकीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय ब्यावरा और शासकीय महाविद्यालय नरसिंहगढ़ में ‘खेलो इंडिया डायलॉग 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला युवा अधिकारी सागर वाधवानी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। युवाओं के साथ खेलो इंडिया अभियान, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027, माय भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीयन और ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान सहित विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित युवाओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत का संकल्प लिया और शपथ ग्रहण की। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज की नींव हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और सकारात्मक सोच से देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

नरसिंहगढ़ महाविद्यालय में माय भारत केंद्र की ओर से खेल और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माय भारत वॉलेंटियर्स, खिलाड़ी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक रोहित कुशवाहा, नितेश, नीलम, प्राची, निशा, समीक्षा, शिवानी, हेमलता और अभिषेक सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक