मप्र के खरगोन में टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित हाेकर पलटी, दाे की मौत, 19 घायल
खरगोन, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में खंडवा-बड़ोदरा नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हाे गया। यहां मगरिया फाटा के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में एक बाइक भी आ गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो ट्रैवलर में सवार 19 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर क्रमांक एमपी 10 टी 1599 औरंगपुरा से खंडवा जिले के पिपलोद क्षेत्र में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुई थी। वाहन में परिवार के सदस्य और रिश्तेदार सवार थे। सोमवार सुबह जब वाहन जैतापुर थाना क्षेत्र के मगरिया फाटा के समीप पहुंचा, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन के सामने अचानक एक कार आ गई थी। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे ट्रैवलर का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार वाहन सड़क पर कई बार पलटते हुए पास से गुजर रही बाइक क्रमांक एमपी 10 जेडई 5250 पर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े।
मां-बेटी की मौके पर मौत
बाइक पर सवार बालूसिंह, उनकी पत्नी मीना और बेटी अनीता बुरहानपुर जिले के खकनार क्षेत्र की ओर जा रहे थे। टेंपो ट्रैवलर की चपेट में आने से मीना और अनीता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बालूसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टेंपो ट्रैवलर में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस, एंबुलेंस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
19 घायल, तीन की हालत गंभीर
दुर्घटना में टेंपो ट्रैवलर में सवार कुल 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुंदन सिसोदिया के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
चालक ने कहा- हादसे के दौरान हो गया था बेहोश
टेंपो ट्रैवलर के चालक विजय बछानिया ने बताया कि वह औरंगपुरा से यात्रियों को लेकर पिपलोद जा रहा था। रास्ते में अचानक सामने एक ब्रेजा कार आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक का दावा है कि हादसे के दौरान वह बेहोश हो गया था, इसलिए उसे यह याद नहीं कि वाहन बाइक से कैसे टकराया।
घायलाें के नाम
घायलाें में राम पुत्र मुकेश, भूमिका पुत्री संजय गोगावा, अनन्या पुत्री गोपाल, अंजू पत्नी गोपाल कुरई, नवनीत पुत्र रमेशचंद्र जैतापुर, संगीता पत्नी संतोष, विशाल पुत्र राजेंद्र, प्रभा पत्नी कालू, किरण पत्नी रवि, दीपिका पत्नी प्रवीण, कालू पुत्र मांगीलाल, रवि पुत्र मांगीलाल, रानी पत्नी नवनीत, ग्यारसीबाई पत्नी मोहन, रंजन पत्नी राजेंद्र, विजय पुत्र प्रहलाद, वीर पुत्र विजय धामनोद, मधु पत्नी संतोष और टेंपो ट्रैवलर चालक विजय के नाम शामिल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जैतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। वाहन की गति, चालक की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

