home page

खंडवा में हाईटेंशन लाइन से टकराया दुर्गा प्रतिमा का मुकुट, 4 लोग झुलसे, हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

 | 
खंडवा में हाईटेंशन लाइन से टकराया दुर्गा प्रतिमा का मुकुट, 4 लोग झुलसे, हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम


खंडवा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर दुर्गा प्रतिमा लेकर जा रहा ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया। छैगांवमाखन थाना क्षेत्र में मोकलगांव टोल प्लाजा के पास प्रतिमा का मुकुट ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे प्रतिमा में करंट फैल गया और वह झुलसकर खंडित हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार लोग झुलस गए। उन्हें एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई।

हादसा शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, खंडवा के टपालचाल क्षेत्र में नवरात्र के दौरान दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जानी थी। इसके लिए आयोजक मंडल ने बुरहानपुर से बड़ी प्रतिमा बुक कराई थी। शुक्रवार को प्रतिमा ट्रैक्टर से खंडवा लाई जा रही थी। इसी दौरान मोकलगांव टोल प्लाजा के पास प्रतिमा का मुकुट हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से प्रतिमा झुलस गई और खंडित हो गई। दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष नितेश मेड़े ने बताया कि हाईटेंशन लाइन से टकराने के कारण प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद समिति के सामने प्रतिमा की स्थापना को लेकर समस्या खड़ी हो गई है।

चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया

हादसे में विजय हाथमोड़े, गिरीश पुत्र राजू, कपिल पुत्र रमेश और राजा घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। अस्पताल के अनुसार, सभी की हालत सामान्य है।

रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रैक्टर, हाईवे पर लगा जाम

बताया जा रहा है कि प्रतिमा लेकर जा रहा ट्रैक्टर हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और इंदौर से बुरहानपुर की ओर जाने वाले वाहनों की कतार लग गई। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे