खंडवा में खड़ी जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
खंडवा, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा विकासखंड में मंगलवार तड़के 108 जननी एक्सप्रेस सेवा की एक एम्बुलेंस अचानक आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय गाड़ी के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
घटना सेंधवाल लोकेशन से संचालित जननी एक्सप्रेस वाहन सीजी 04 एनडब्ल्यू 2394 की है। जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस चालक रातभर ड्यूटी करने के बाद तड़के करीब 4:30 बजे वाहन को अपने गृह ग्राम मल्हारगढ़ में ग्राम पंचायत की बाउंड्रीवाल के समीप खड़ा कर घर चला गया था। इसी दौरान खड़ी एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन लपटों में घिर गया।
आग की जानकारी गांव के एक व्यक्ति ने चालक को दी। सूचना मिलते ही चालक मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता और पर्याप्त संसाधनों के अभाव में एम्बुलेंस को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि वाहन से कई फीट ऊंची लपटें उठ रही थीं। दूर से दिखाई दे रही आग के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते पूरी एम्बुलेंस जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

