home page

खंडवा में 55 हजार की रिश्वत मांगी, 14 हजार लेते पकड़ाया एनवीडीए उपयंत्री

 | 
खंडवा में 55 हजार की रिश्वत मांगी, 14 हजार लेते पकड़ाया एनवीडीए उपयंत्री


खंडवा, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा में निर्माण कार्य के बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि लौटाने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपए लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई पुनासा स्थित नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 के कार्यालय के तकनीकी कक्ष में की गई। लोकायुक्त के अनुसार, आरोपी ने ठेकेदार से कुल 55 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। ट्रैप के दौरान 14 हजार रुपए की पहली किश्त लेते ही टीम ने उसे पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, खरगोन जिले के सनावद क्षेत्र के ग्राम धूलवाड़ा निवासी ठेकेदार लखन राठौर ने 10 सितंबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में उसे एनवीडीए पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष निर्माण का ठेका मिला था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसने भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत किए। ठेकेदार के अनुसार, उसे करीब 13 लाख रुपए का भुगतान मिल चुका था, जबकि कुछ राशि का भुगतान और निर्माण कार्य के दौरान जमा सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस मिलना बाकी था।

आरोप है कि इसी बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट लौटाने के एवज में एनवीडीए के उपयंत्री अशोक गौतम ने 55 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई गई।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम बुधवार को पुनासा पहुंची। योजना के अनुसार ठेकेदार 14 हजार रुपए लेकर कार्यालय पहुंचा। तकनीकी कक्ष में जैसे ही उसने उपयंत्री को रिश्वत की रकम दी, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम के अनुसार रिश्वत की रकम आरोपी की पेंट की जेब से बरामद की गई और पेंट को भी जब्त किया गया।

लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विजय कुमार, विवेक मिश्रा तथा आरक्षक कमलेश परिहार, शैलेन्द्र सिंह बघेल और कृष्णा अहिरवार शामिल रहे। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है। अशोक गौतम की उम्र 61 वर्ष बताई गई है और वह पुनासा स्थित एनवीडीए के संभाग क्रमांक-28 में उपयंत्री के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि उसकी सेवानिवृत्ति में करीब दो महीने का समय शेष था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे