खंडवाः तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर दीवार में घुसी, तीन युवकों की मौत और दो घायल
खंडवा, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़ी लुनहार के पास रविवार शाम को एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक दीवार में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुलकर फट गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कार सवार युवक बारात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रविवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार कार गुड़ी-लुनहार गांव के पास बेकाबू होकर दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे और थाना प्रभारी धीरेश धारवाल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सीएपी बारंगे ने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान पहचान मोहित (22) पुत्र स्वरूप चंद यादव निवासी बलवाड़ा, पुष्पक (24) पुत्रजितेंद्र यादव निवासी बलवाड़ा और ऋतिक (24) पुत्र धर्मेंद्र यादव निवासी गरनगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

