सागरः माता वनदेवी मंदिर के पास जीप और बाइक की टक्कर में दो मासूमों की मौत
सागर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत माता वनदेवी मंदिर के पास भौंरयाऊ घाटी पर रविवार को एक तेज रफ्तार जीप और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो मासूम बच्चों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, केसली थाना क्षेत्र के जैथारी निवासी सुनील गौड़ अपने 4 वर्षीय पुत्र अंशुल के साथ बाइक पर सवार होकर टड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वनदेवी माता के दर्शन कर केसली की ओर आ रही एक जीप और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों की टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई।
थाना प्रभारी केसली लोकेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में दो बच्चों की जान चली गई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
• अंशुल गोंड (4 वर्ष): पिता सुनील गौड़, निवासी जैथारी (बाइक सवार)।
• लेखनी दांगी (7 वर्ष): पिता जाहर सिंह दांगी, निवासी समनापुर (जीप सवार)।
हादसे में बाइक चालक सुनील गौड़ को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल केसली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही केसली पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, दुर्घटना के कारणों और लापरवाही की स्पष्टता जाँच के बाद ही हो सकेगी।
मोड़ वाले रास्तों पर वाहनों की गति नियंत्रित रखें। आपकी एक छोटी सी सावधानी मासूमों की जान बचा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

