home page

कटनी में ट्रक डिवाइडर तोड़कर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरा, ड्राइवर सुरक्षित

 | 
कटनी में ट्रक डिवाइडर तोड़कर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरा, ड्राइवर सुरक्षित


कटनी, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। यह हादसा बड़वारा क्षेत्र के जगतपुर उमरिया गांव के पास हुआ। गनीमत रही कि ट्रक सीधे रेलवे पटरियों पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार करीब 1 बजे ट्रक कटनी से उमरिया की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। जगतपुर उमरिया गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक का ट्रक से नियंत्रण हट गया। इसके बाद ट्रक डिवाइडर से टकराता हुआ उसे तोड़कर पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। ट्रक के गिरने से केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और चालक उसमें फंस गया था। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया है।

हादसे में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि ट्रक सीधे रेलवे ट्रैक पर नहीं गिरा। यदि वाहन पटरियों पर गिर जाता और उसी समय कोई ट्रेन गुजरती, तो गंभीर रेल हादसा हो सकता था। रेलवे और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ है और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे