home page

कटनी: करंट की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, जांच जारी

 | 
कटनी: करंट की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, जांच जारी


कटनी, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के कटनी जिले के वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम भमका और परसेल के बीच गिरुहा नाला के पास सोमवार को एक तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जहां तेंदुए का शव मिला, उसके ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। यह लाइन पास के एक पेड़ की शाखाओं से टकरा रही थी। पेड़ के तने पर आग लगने के निशान भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पेड़ में करंट आने के कारण तेंदुआ उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और वन विकास निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। किसी भी प्रकार के शिकार या मानवीय हस्तक्षेप की संभावना को खारिज करने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वन विकास निगम (कुंडम प्रोजेक्ट) की डिप्टी डीएम अमृता रावत ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में विद्युत लाइन के रखरखाव में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित विभाग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद जंगलों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों से टकराती लाइनों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन समय पर सुधार नहीं होने के कारण वन्यजीवों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी