home page

कटनी स्टेशन पर बड़ा रेस्क्यू: पटना–पूर्णा एक्सप्रेस से 167 नाबालिग उतारे, मानव तस्करी की आशंका

 | 
कटनी स्टेशन पर बड़ा रेस्क्यू: पटना–पूर्णा एक्सप्रेस से 167 नाबालिग उतारे, मानव तस्करी की आशंका


कटनी, 12 अप्रैल (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के कटनी रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेल सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पटना–पूर्णा एक्सप्रेस से 167 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित उतारकर संरक्षण में लिया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ये बच्चे अररिया (बिहार) से लातूर ले जाए जा रहे थे। बच्चों के पास पर्याप्त दस्तावेज, टिकट और यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं स्पष्ट नहीं मिलने पर मामला संदिग्ध माना गया।

पहले से मिली थी सूचना, स्टेशन पर बिछाया जाल

सूत्रों के अनुसार, बाल कल्याण समिति को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि बड़ी संख्या में बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। इसके बाद RPF और GRP ने अलर्ट होकर प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ट्रेन का इंतजार किया और पहुंचते ही कोचों की घेराबंदी कर तलाशी शुरू कर दी।

‘मदरसे में पढ़ाई’ का दावा, लेकिन सवाल बरकरार

रेस्क्यू के दौरान बच्चों के साथ मौजूद सद्दाम नामक व्यक्ति ने दावा किया कि वह उन्हें लातूर के एक मदरसे में पढ़ाई के लिए ले जा रहा था और यह काम वह वर्षों से करता आ रहा है,

हालांकि, अभिभावकों की अनुमति, दस्तावेजों और बच्चों के रहने-खाने की व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से संदेह गहरा गया है।

काउंसलिंग और जांच शुरू

चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी मनीष तिवारी के अनुसार, सभी बच्चों की काउंसलिंग की जा रही है और उनके परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। उनकी उम्र, पहचान और यात्रा के उद्देश्य की विस्तृत जांच जारी है।

कुछ बच्चे कटनी, कुछ जबलपुर में सुरक्षित

प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर भेजा है। कुछ बच्चों को कटनी में ही रखा गया है, जबकि अन्य को जबलपुर भेजा गया है, जहां बाल संरक्षण इकाइयां उनकी देखरेख कर रही हैं।

मानव तस्करी या वैध गतिविधि? जांच जारी

रेल सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, बच्चों के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ और बच्चों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला वैध शैक्षणिक गतिविधि का है या फिर इसमें मानव तस्करी जैसी कोई गंभीर साजिश शामिल है। फिलहाल सभी एजेंसियां मिलकर पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी