home page

राजगढ़ः ब्यावरा कॉलेज में कारगिल विजय दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश

 | 
राजगढ़ः ब्यावरा कॉलेज में कारगिल विजय दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश


राजगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को ब्यावरा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय महाविद्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, एनसीसी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

प्रभारी प्राचार्य प्रो. अरविंद भारद्वाज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रो. हेमंत कुमार शर्मा ने कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सैनिकों ने दुर्गम पहाड़ियों और विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देकर दुश्मनों को परास्त किया और देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कारगिल विजय दिवस को राष्ट्रभक्ति और समर्पण का प्रतीक बताया।

एनएसएस अधिकारी डॉ. केएन. मीना ने विद्यार्थियों से शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। हार्टफुलनेस से जुड़े इंदर सिंह यादव ने नैतिक मूल्यों और आंतरिक चेतना के महत्व पर विचार रखे। वर्षा यादव, दीक्षा दांगी सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर निबंध, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में वर्षा यादव, निकिता सोंधिया और बुलबुल यादव, पोस्टर प्रतियोगिता में ओपना उमठ तथा रंगोली प्रतियोगिता में तमन्ना झाला और बुलबुल यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रो. प्रमोद कुमार खरे, विक्रम सिंह सोंधिया, किशन सेन, माया नागर, भावना मेहरा, गौतम कारपेंटर, रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक