home page

राजगढ़ः श्रद्धालुओं की सामूहिक कांवड़ यात्रा शुरू, 160 किमी पैदल चलकर करेंगे महाकाल का जलाभिषेक

 | 
राजगढ़ः श्रद्धालुओं की सामूहिक कांवड़ यात्रा शुरू, 160 किमी पैदल चलकर करेंगे महाकाल का जलाभिषेक


राजगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में सावन माह में बुधवार को भगवान शिव के प्रति आस्था का अनूठा उत्साह देखने को मिला। नगर स्थित ओंकारनाथ मंदिर से 200 से अधिक श्रद्धालु सामूहिक कांवड़ यात्रा लेकर उज्जैन के लिए रवाना हुए।

श्रद्धालु करीब 160 किलोमीटर की पैदल यात्रा पांच दिनों में पूरी कर बाबा महाकालेश्वर के दरबार पहुंचेंगे और पवित्र जल से भगवान महाकाल का जलाभिषेक करेंगे।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ ओंकारनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद डीजे पर गूंजते शिव भजनों, हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष के बीच श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़े। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत और प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।

जय श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा को सावन माह की पहली सामूहिक कांवड़ यात्रा बताया जा रहा है। समिति के अनुसार आसपास के गांवों से 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीयन कराकर यात्रा में भाग लिया है। यात्रा खिलचीपुर से शुरू होकर जीरापुर, सुसनेर और आगर होते हुए उज्जैन पहुंचेगी। श्रद्धालु प्रतिदिन लगभग 30 किलोमीटर पैदल चलेंगे और पांचवें दिन महाकाल मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा के साथ चार ट्रेक्टर भी रवाना किए गए हैं, जिनमें भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री रखी गई है।

यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व विधायक रामप्रसाद दांगी, हेमराज कल्पोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दांगी, प्रेमसिंह परिहार, रतनसिंह सौंधिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। समिति ने भविष्य में भी इस तरह की सामूहिक कांवड़ यात्रा नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक