home page

परिसीमन विधेयक के विरोध में उतरे कमलनाथ, सांसदों से संसद में विरोध करने की अपील

 | 
परिसीमन विधेयक के विरोध में उतरे कमलनाथ, सांसदों से संसद में विरोध करने की अपील


भोपाल 29 नवंबर (हि.स.)। परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने देशभर के सांसदों से अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संसद में इस विधेयक का विरोध करें। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन के जरिए भाजपा लोकसभा सीटों की सीमाओं का निर्धारण अपने राजनीतिक हितों के अनुकूल करा सकती है।

कमलनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक के पीछे की रणनीति को देश के सामने रखा है। उन्होंने आशंका जताई कि नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जा सकती हैं, जिससे विपक्षी दलों और उनके समर्थक मतदाताओं का प्रभाव कम हो जाए। कमलनाथ ने इसे भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत बताते हुए इस मुद्दे पर व्यापक विरोध की जरूरत जताई।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से एकजुट होकर विधेयक का विरोध करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक हितों से जुड़ा है। इसलिए सांसदों को पार्टीगत प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठकर संसद में इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। कमलनाथ ने परिसीमन विधेयक का विरोध करना हर सच्चे भारतीय का कर्तव्य बताया।

जनप्रतिनिधित्व के संतुलन से जुड़ा है परिसीमन

संविधान के अनुच्छेद 82 के तहत प्रत्येक जनगणना के बाद संसद परिसीमन संबंधी कानून बना सकती है। इसके आधार पर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाता है। वहीं, राज्यों की विधानसभा सीटों के परिसीमन का प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 170 में किया गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात के अनुसार प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना है।

हालांकि, परिसीमन के दौरान सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद रहे हैं। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन पर इसके प्रभाव को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में कमलनाथ ने सभी सांसदों से विधेयक के विरोध में एकजुट होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा