home page

कमलनाथ का भाजपा पर हमला, कहा- “महिला आरक्षण पर भ्रम फैला रही सरकार, असली मुद्दों से ध्यान भटका रही”

 | 
कमलनाथ का भाजपा पर हमला, कहा- “महिला आरक्षण पर भ्रम फैला रही सरकार, असली मुद्दों से ध्यान भटका रही”


भाेपाल, 27 अप्रैल (हि.स.)। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने महिला आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संसद में महिला आरक्षण के नाम पर “झूठ फैला रही है” और परिसीमन के जरिए दक्षिण भारत के राज्यों के साथ अन्याय करने की कोशिश कर रही है।

कमलनाथ ने साेमवार काे साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर लिखा- भारतीय जनता पार्टी संसद में महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ़ झूठ फैला रही है और इस बात को छुपाने की कोशिश कर रही है कि वह परिसीमन के माध्यम से दक्षिण भारत के राज्यों के साथ अन्याय करना चाहती थी। जहाँ तक आरक्षण का सवाल है तो वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पास हो चुका है और कांग्रेस पार्टी ने इसे अपना समर्थन दिया था।

पूर्व सीएम ने कहा कि आज भी कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट कहना है कि मौजूदा संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कांग्रेस पार्टी हर स्थिति में समर्थन करती है। अगर भाजपा की नियत वास्तव में आरक्षण देने की है तो संसद के मौजूदा स्वरूप में ही महिलाओं को आरक्षण देने में क्या दिक्कत है। लेकिन यह करने के बजाय भाजपा आज मध्य प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर कथित महिला आरक्षण पर चर्चा करना चाहती है। कमलनाथ ने कहा कि इससे बेहतर होता है कि भाजपा महंगाई, बेरोज़गारी और विशेष रूप से किसानों की समस्याओं पर विशेष सत्र बुलाती और इन समस्याओं को दूर करने की कोशिश करती।

पोषण आहार प्लांट बंद होने पर भी घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक अन्य ट्वीट के माध्यम से प्रदेश में महिलाओं द्वारा संचालित पोषण आहार प्लांट बंद होने का मुद्दा उठाया।उन्हाेंने कहा कि महिला वंदन का ढोल पीट रही भारतीय जनता पार्टी के राज में मध्य प्रदेश में महिलाओं द्वारा संचालित पोषण आहार प्लांट बंद हो गए हैं। इन प्लांट के ऊपर 300 करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है और प्राइवेट सप्लायर ने आपूर्ति बंद कर दी है। सरकार की ओर से इस क़र्ज़ को चुकाया जाना था लेकिन मंज़ूरी के लिए यह विषय कैबिनेट तक पहुँचा ही नहीं। हालत यह है कि जो महिलाएं अभी तक प्लांट का संचालन करती थीं, अब वह मज़दूरी कर अपना पेट पालने को मजबूर हैं। पोषण आहार प्लांट ऐसे प्रदेश में बंद पड़े हैं जहाँ पहले से ही कुपोषण की स्थिति राष्ट्रीय औसत से ख़राब है।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता अच्छी तरह से समझ सकती है कि भाजपा सिर्फ़ महिलाओं के बारे में नारे लगा रही है, जबकि सच्‍चाई यह है कि महिलाओं को स्वाबलंबी, स्वस्थ और मज़बूत बनाने वाली योजनाओं को बंद करने का षड़यंत्र भाजपा रच रही है। मेरी माँग है कि अविलंब सभी प्लांटों को चालू कराया जाए और प्रदेश में कुपोषण से लड़ाई को मज़बूत किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे