कैलारस शक्कर कारखाना शुरू कराने को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज, जीतू पटवारी ने सरकार को दी चेतावनी
मुरैना, 21 अगस्त (हि.स.)। कैलारस सहकारी शक्कर कारखाने को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर विधायक पंकज उपाध्याय का आमरण अनशन जारी है। शुक्रवार को आंदोलन को समर्थन देने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रशार काे कैलारस पहुंचे और किसानों के बीच बैठकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शक्कर कारखाना शुरू होने तक कांग्रेस किसानों की लड़ाई जारी रखेगी।
पटवारी ने केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस आंदोलन को अंतिम समय तक जारी रखेगी। पटवारी ने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांग नहीं मानी तो राहुल गांधी भी किसानों के साथ खड़े होंगे और कैलारस पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।
सरकार को 21 अगस्त शाम छह बजे तक का अल्टीमेटम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुरैना जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि 21 अगस्त की शाम छह बजे तक यदि शक्कर कारखाना शुरू करने की घोषणा नहीं की गई तो 22 अगस्त को मुरैना जिले में बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर, कस्बे और गांवों में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता बंद को सफल बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं बल्कि किसानों और क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा विषय है। कारखाना बंद होने से गन्ना उत्पादक किसानों को अपनी उपज के लिए परेशान होना पड़ रहा है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
अखिलेश यादव ने पंकज उपाध्याय से धैर्य रखने को कहा
इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोबाइल फोन पर जीतू पटवारी से बातचीत की। उन्होंने अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय से भी बात कर उन्हें धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई लंबी हो सकती है, इसलिए आंदोलन को संयम और मजबूती के साथ जारी रखना चाहिए।
अखिलेश यादव ने शक्कर की बढ़ती कीमतों का उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर आम लोगों के लिए शक्कर महंगी हो रही है, वहीं गन्ने से इथेनॉल बनाकर पेट्रोल में मिलाने पर जोर दिया जा रहा है।
राजस्थान के विधायक ने भी भरी हुंकार
राजस्थान से पहुंचे विधायक खटाना ने भी किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर अब सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने किसानों से आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।
जीतू पटवारी के साथ कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर, महेश परमार, घनश्याम सिंह, ऋषि अग्रवाल, देवेंद्र सखवार सहित कई जनप्रतिनिधि और पूर्व विधायक मौजूद रहे। सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू, बैजनाथ सिंह कुशवाहा सहित पार्टी के प्रांतीय और संभागीय पदाधिकारी भी आंदोलन में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं के कैलारस पहुंचने से पहले मुरैना में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस के अनुसार शहर में सौ से अधिक स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कैलारस में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली
शक्कर कारखाना शुरू कराने की मांग को लेकर किसानों ने कैलारस में विशाल ट्रैक्टर रैली भी निकाली। आमरण अनशन स्थल पर कारखाने के शेयरधारक, गन्ना उत्पादक किसान तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन में कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सहित अन्य राजनीतिक दलों और संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की। किसानों ने शक्कर कारखाना तत्काल शुरू करने की मांग दोहराते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

